Kashi Vishwanath Temple में बढ़ी सुरक्षा, Uttar Pradesh एवं एयरपोर्ट पर अलर्ट; दिल्ली ब्लास्ट के बाद वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़ समेत पूर्वांचल के जिलों में हाई अलर्ट
दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद Uttar Pradesh के कई जिलों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, मऊ, भदोही, बलिया और जौनपुर में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। खासकर Kashi Vishwanath Temple, वाराणसी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर गहन जांच की जा रही है।

वाराणसी में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए दिल्ली ब्लास्ट के बाद Uttar Pradesh, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर CISF और पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। एयरपोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है।
CISF कमांडेंट सुचिता सिंह ने बताया कि “एयरपोर्ट पर सुरक्षा पहले से ही मजबूत है, लेकिन इस संवेदनशील घटना के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।” उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें।
एडीसीपी वैभव बांगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाबतपुर चौकी प्रभारी सत्यजीत सिंह के साथ एयरपोर्ट आने-जाने वाले सभी वाहनों की जांच की। प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा के हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि न हो सके।
मिर्जापुर: विंध्य कॉरिडोर और रेलवे स्टेशन पर सख्ती
मिर्जापुर में आईजी, आयुक्त, डीएम और एसपी ने विंध्य कॉरिडोर और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। आईजी आरपी सिंह और आयुक्त राजेश प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
मऊ: रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर सघन जांच
मऊ जिले में एसपी इलामारन जी ने खुद रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे जंक्शन पर पहुंचकर चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया। उनके साथ एएसपी, सीओ सिटी और कोतवाल भी मौजूद रहे। ट्रेनों, प्लेटफॉर्म और यात्रियों के सामान की सघन जांच की गई।
भदोही: यात्रियों से पूछताछ और सामान की जांच
भदोही में जीआरपी और आरपीएफ टीम ने रेलवे स्टेशन और ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर बोगियों और प्लेटफॉर्मों की तलाशी ली। यात्रियों से नाम-पता पूछकर पूछताछ की गई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई।
आजमगढ़: रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर हाई अलर्ट
डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसपी डॉ. अनिल कुमार ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्मों पर पुलिस बल तैनात है और ट्रेनों की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक जिले में अलर्ट जारी रहेगा।
बलिया: एसपी ने किया पैदल गश्त
बलिया में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने हनुमानगढ़ी, भृगु मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जौनपुर: आरपीएफ-जीआरपी का संयुक्त अभियान
जौनपुर में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और ट्रेनों में सघन चेकिंग की। क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता और देवेश सिंह ने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यात्रियों में दिखी सतर्कता, प्रशासन पूरी तरह चौकस
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पूरे पूर्वांचल में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। यात्रियों का कहना है कि जांच से थोड़ी असुविधा जरूर हो रही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से यह कदम जरूरी है।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद से Uttar Pradesh में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। हर जिले में होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
खबरों के लाइव अपडेट और विस्तृत विश्लेषण के लिए स्वतंत्र वाणी पर बने रहें।
Author: Preeti Dubey
कंटेंट राइटिंग में 9 महीने के अनुभव के साथ, मैं उत्तर प्रदेश, खासकर वाराणसी और चिकित्सा क्षेत्र पर केंद्रित आकर्षक और अच्छी तरह से शोध किए गए समाचार लेख लिखने में माहिर हूँ। मेरे लेखन में सटीकता और पाठक-अनुकूल कहानी कहने का मिश्रण है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि हर लेख स्पष्ट, विश्वसनीय और प्रभावशाली जानकारी प्रदान करे। पत्रकारिता और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग के प्रति जुनूनी, मैं पाठकों को स्वास्थ्य सेवा और स्थानीय मामलों से जुड़े नवीनतम अपडेट और घटनाक्रमों से अवगत और जोड़े रखने का प्रयास करती हूँ।










